August 29, 2026

हैदराबाद । तेलंगाना के नागरकुरनूल जिले में एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहां श्रीशैलम सुरंग नहर के निर्माणाधीन हिस्से का एक हिस्सा ढह गया। इस हादसे में कम से कम छह श्रमिकों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने इस घटना के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि निर्माण कंपनी की टीम स्थिति का जायजा लेने के लिए सुरंग के अंदर गई है और सत्यापन कर रही है। वहीं सीएम ने भी इस घटना का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि निर्माण कार्य करने वाली कंपनी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, छह से आठ श्रमिकों के फंसे होने की आशंका है। अधिकारी ने कहा, ‘‘घटना उस समय हुई जब कुछ श्रमिक काम के सिलसिले में (सुरंग के) अंदर गए थे, तभी सुरंग के 12-13 किलोमीटर अंदर छत का एक हिस्सा ढह गया।’’ हालांकि, मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में संख्या बताए बिना कहा गया कि कुछ लोग घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों को राहत कार्य के लिए घटनास्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, राज्य के सिंचाई मंत्री एन उत्तम कुमार रेड्डी, सिंचाई मामलों के सरकारी सलाहकार आदित्यनाथ दास और अन्य सिंचाई अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हुए हैं। केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी ने दुर्घटना पर चिंता व्यक्त की और अधिकारियों से कहा कि फंसे हुए श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला जाए। उनके कार्यालय से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि उन्होंने अधिकारियों से घायलों का उचित उपचार कराने को भी कहा है। 

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।

https://chat.whatsapp.com/LnzXi8cnQGtKJUUT78UqXz

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *