चतरा । जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने बड़े पैमाने पर चल रहे गौ तस्करी के काले खेल का पर्दाफाश कर दिया है. मयूरहंड थाना क्षेत्र में मवेशियों से भरा एक पिकअप वाहन पलटने से कई मवेशियों की जान चली गई. इस हादसे के बाद इलाके में सक्रिय पशु तस्करों की क्रूरता और उनके नेटवर्क की पोल खुल गई है. वहीं, घटना के बाद चालक और उपचालक वाहन छोड़कर मौके से फरार होने में कामयाब रहे. शनिवार अहले सुबह करीब 4 बजे चतरा-हजारीबाग मुख्य मार्ग पर हुसिया बाजार से आगे पंचमो जंगल के पास यह भीषण हादसा हुआ. तस्कर मवेशियों के पैर बांधकर उन्हें क्रूरतापूर्वक ले जा रहे थे. अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. वाहन पलटने के कारण 15 मवेशी नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 से 4 मवेशी घायल हो गए. घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. ग्रामीणों ने बताया कि पिकअप वैन में क्षमता से अधिक मवेशियों को अमानवीय तरीके से बांधकर लादा गया था. ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से मवेशियों को बाहर निकाला.वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मयूरहंड थाना प्रभारी राहुल दुबे दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि घायल गायों का पशु चिकित्सकों की टीम से इलाज कराया जा रहा है और मृत मवेशियों को दफनाने की प्रक्रिया चल रही है. दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर तस्करों के खिलाफ आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

