August 31, 2026

हजारीबाग । केरेडारी थाना क्षेत्र के कराली बेला में रविवार की शाम तालाब में नहाने गयी दो बच्चियों की डूबने से मौत हो गयी. मृतकों में अनुपा तिवारी (12 वर्ष, पिता रवि तिवारी) व गुनगुन कुमारी (11 वर्ष, पिता अनिल तिवारी) शामिल हैं. दोनों ममेरी-फुफेरी बहन हैं. घटना के बाद गांव में छठ महापर्व की खुशी मातम में बदल गयी. परिजनों ने बताया कि घर में छठ पूजा को लेकर खरना की तैयारी की जा रही थी. शाम में दोनों बच्चियां तालाब में नहाने गयी थीं, उसी दाैरान डूब गयीं. जैसे ही इसकी सूचना मिली, आनन-फानन में बच्चियों को तालाब से निकालकर केरेडारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जहां डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण इलाज नहीं हो पाया. वहीं से बच्चियों को बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सा प्रभारी डॉ अविनाश कुमार ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. मृतका अनुपा तिवारी संत कुमार तिवारी की पोती व गुनगुन कुमारी संत कुमार तिवारी की नतिनी है. संत कुमार तिवारी ने बताया कि बेटी कुमारी प्रिया ईद बिरहू सिमरिया, चतरा से मायके कराली बेला गांव छठ पूजा करने आयी थी. शाम पांच बजे अनुपा और गुनगुन तालाब में नहाने गयी थीं. इसी दौरान घटना घटी. बड़कागांव के चिकित्सा प्रभारी डॉ अविनाश कुमार ने बताया कि केरेडारी से शाम 6.30 बजे दोनों बच्चियों को लेकर एंबुलेंस बड़कागांव अस्पताल पहुंची, लेकिन दोनों बच्चियों की पहले ही मौत हो चुकी थी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *