August 30, 2026

रामगढ़ (दुमका) : रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कारूडीह पंचायत के झांझर मंडल टोला एवं ठाकुर टोला के बीच टैंकर की चपेट में आने से बाइक सवार दो गोतनी की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बेटा जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों की सहायता से घायल को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है। जानकारी के मुताबिक निर्माणाधीन सड़क को पानी देने वाले टैंकर के धक्के से हादसा हुआ। हादसे के बाद चालक टैंकर लेकर मौके से फरार हो गया। मृतक के बारे में बताया जा रहा है कि रामगढ़ थाना के केन खेपरा गांव का सुरेंद्र मुर्मू अपनी मां संझली बास्की और चाची बहामुनी हेंम्ब्रम को बाइक पर लेकर झांझर आदिवासी टोला में आयोजित कार्यक्रम में गया था। वहां से शाम को तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर घर वापस लौट रहे थे। जहां सामने से आ रहे टैंकर ने बाइक सवार को कुचल दिया। जिससे घटनास्थल पर ही गोतनी की मौत घटनास्थल पर हो गई। वहीं टैंकर की विपरीत दिशा में गिरने से बेटे को मामूली चोट लगी। हादसे के बाद उग्र ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया। लेकिन उग्र ग्रामीण टैंकर चालक को गिरफ्तार करने व मुआवजा देने की मांग पर अड़े हुए थे। पुलिस घटनास्थल पर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही है इसके बावजूद भी झांझर आदिवासी टोला के ग्रामीण दोषी को अविलंब गिरफ्तार करने और मुआवजा देने की मांग पर अड़े हुए है। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम लगा था। बता दें कि जोरडीहा मोड से कारूडीह तक ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा बनाई जा रही सड़क निर्माण कार्य दुमका के संवेदक के द्वारा कराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *