August 30, 2026

हैदरनगर (पलामू) : जिला के हैदरनगर थाना अंतर्गत कुकही गांव के मुगलजान टोला स्थित मृत्युंजय मेहता के घर में एक दर्जन से अधिक डकैतों ने गृहस्वामी मृत्युंजय मेहता व उनकी पत्नी अनीता देवी के साथ मार पीट किया व चार घंटे उत्पात मचाया। गृहस्वामी मृत्युंजय मेहता व उनकी पत्नी अनीता देवी का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद में किया जा रहा है। गृहस्वामी के अनुसार घर में रखे सोना चांदी के आभूषण, इंडक्शन चूल्हा समेत लाखों की संपत्ति डकैत अपने साथ ले गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अफजल अंसारी घटना स्थल पहुंच कर छान बीन शुरू कर दिया है। सीडीपीओ एस मोहम्मद याकूब ने भी घटना स्थल का जायजा लिया व पीड़ित परिवार से पूछ ताछ किया। बताया जाता है कि सभी डकैत 20 से 25 वर्ष के थे। थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने बताया कि भुक्तभोगी ने आवेदन नहीं दिया है। आवेदन मिलने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि क्या क्या समान डकैत ले गए हैं। घटना के संबंध में बताया गया कि रात्रि 11 बजे जब मृत्युंजय मेहता जरूरत से उठे तो छत पर कुछ आवाज मिली। इतने में एक एक कर दो डकैत नीचे उतरे। दोनो के साथ मृत्युंजय मेहता की हाथा पाई हुई। तब तक चार डकैत पिस्तौल और चाकू लेकर उतरे। उन्होंने मृत्युंजय मेहता व उनकी पत्नी अनीता देवी के साथ लोहे से मार पीट कर पिस्तौल का भय दिखा कर उन्हें बांध दिया। भुक्तभोगी के अनुसार कुछ डकैत नशे में थे उन्होंने घर के एक एक कमरे में रखे गए अटैची बक्सा आदि को खंगाल लिया। कीमती आभूषण, इंडक्शन चूल्हा आदि के अलावा कुछ नगद लुट लिया। कुछ डकैत घर के बाहर चारों ओर घेर रखा था। इस बीच डकैतों ने गृहस्वामी से खाना और सिगरेट की भी मांग किया था। भुक्तभोगी मृत्युंजय मेहता व अनीता देवी ने उन्हें कहा कि खाना नहीं है,सिगरेट वह नहीं पीते हैं। डकैतों ने जाने से पहले कहा कि अगर पुलिस को सूचना दोगे तो गोली मार देंगे। घटना को लेकर दंपति के अलावा गांव में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *