August 30, 2026

सतबरवा (पलामू)। सतबरवा थाना क्षेत्र के पोलपोल गांव के समीप मंगलवार शाम दो कारों के बीच हुई भीषण टक्कर में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दोनों वाहनों पर सवार ड्राइवर समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतका की पहचान रांची के आजाद बस्ती फूलबगान मोहल्ला निवासी फरहान अख्तर की पत्नी नाहिद प्रवीण के रूप में हुई है। वहीं घायलों में राजू उर्फ फरहान खान (40), इसरत प्रवीण (50), अफजल खान, कौशर खान और कार चालक मोहम्मद सुल्तान आलम शामिल हैं। ये सभी रांची के ही रहने वाले हैं। दूसरी कार के घायल चालक की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के चांदो गांव निवासी कमरूदीन अंसारी के पुत्र आफताब अंसारी (25) के रूप में की गई है। स्वजनों के अनुसार, सभी लोग चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर नई मोहल्ला निवासी रियाज अंसारी के घर आए थे और मंगलवार शाम एक कार से रांची लौट रहे थे। इसी दौरान पोलपोल गांव के पास उनकी कार की आमने-सामने टक्कर दूसरी कार से हो गई। घटना की सूचना मिलने पर सतबरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने नाहिद प्रवीण को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज डाक्टर रोहित पांडे की देखरेख में चल रहा है। अस्पताल पुलिस चौकी की एएसआई सुशीला टीयू ने परिजनों से जानकारी लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *