August 30, 2026

हजारीबाग । जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत पोता जंगल स्थित नदी से एक युवक और दो युवतियों के शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। तीनों पिछले पांच दिनों से लापता थे। मृतकों की पहचान 27 वर्षीय आदिल हुसैन, 19 वर्षीय सानिया परवीन और खुशी के रूप में हुई है। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि तीनों के शरीर पर चोट के निशान हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। इसे लेकर लोगों में आक्रोश है और वे निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। घटना से नाराज परिजन और स्थानीय लोग शव के साथ झंडा चौक पर जाम लगाने की तैयारी कर रहे हैं। प्रशासन के खिलाफ गुस्सा साफ तौर पर देखा जा रहा है। परिजनों ने मुफस्सिल थाना पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शुरुआत में पुलिस ने भरोसा दिलाया था कि तीनों सुरक्षित हैं और जल्द वापस मिल जाएंगे, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों ने यह भी दावा किया है कि एक व्यक्ति ने 50 हजार रुपये की मांग की थी और तीनों को सकुशल वापस लाने का भरोसा दिया था। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *