August 30, 2026

नई दिल्ली । दिल्ली के विवेक विहार इलाके में रविवार सुबह एक भीषण हादसा हुआ. यहां चार मंजिला इमारत में लगी आग में अब तक 9 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो चुकी है. मृतकों में 2 महिलाएं, एक बच्चा और 6 पुरुष शामिल हैं. वहीं, 12 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जो अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं. हादसा सुबह करीब 3:15 बजे हुआ, जब लोग गहरी नींद में सो रहे थे आग की शुरुआत इमारत की दूसरी मंजिल से हुई और देखते ही देखते लपटों ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया. आशंका जताई जा रही है कि किसी एसी यूनिट में विस्फोट के कारण आग भड़की. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां करीब 3:35 बजे मौके पर पहुंच गईं और बचाव कार्य शुरू किया गया. इमारत में कुल आठ फ्लैट थे. चार आगे की ओर और चार पीछे की ओर. बताया जा रहा है कि पीछे वाले फ्लैट्स में रहने वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हुए, क्योंकि वहां से निकलने का रास्ता सीमित था. कमरे में धुएं के कारण लोगों का दम घुट गया. घर के कुछ दरवाजे इलेक्ट्रॉनिक लॉक सिस्टम के चलते बंद थे. सीढ़ियां भी संकरी थी, जिसकी वजह से लोग जल्दी इमारत से निकल नहीं सके. शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेंद्र प्रसाद मीना ने बताया कि सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और इमारत के हर हिस्से की बारीकी से जांच की जा रही है. दमकल कर्मियों के साथ पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर डटी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *