August 29, 2026

पलामू । सदर थाना क्षेत्र के सिंगरा गांव के समीप सोमवार सुबह दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में चार लोग घायल हो गए।  घायलों में विश्रामपुर थाना क्षेत्र के दर्जी मोहल्ला निवासी अंबर अली (18) व जोहार अली (20) तथा पाटन थाना क्षेत्र के मेराल गांव निवासी मुन्ना कुमार रवि (35) और गोलू कुमार (14) शामिल हैं। इनमें जोहार अली की स्थिति गंभीर बनी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जोहार अली अपने छोटे भाई अंबर अली के साथ बाइक से किसी कार्य से मेदिनीनगर आ रहे थे। इसी दौरान सिंगरा गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जोहार अली की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें विशेष निगरानी में रखा है। वहीं अन्य घायलों का इलाज जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *