नई शुरुआत पर उमड़ा शुभकामनाओं का सिलसिला, जनप्रतिनिधियों व गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी
अजय राज संवाददाता
अनगड़ा। प्रखंड मुख्यालय स्थित अनगड़ा चौक में सोमवार को शिवम होटल का भव्य उद्घाटन अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम रजवार ने फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष एतवा उरांव, विधायक प्रतिनिधि (खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग) आशीष मुंडा, जिला परिषद सदस्य अनुराधा मुंडा, राजेंद्र साही मुंडा, नरेश साहू, सिरका मुखिया रोशनलाल मुंडा, अनगड़ा थाना के एसआई दिवाकर कुमार, अनिल मेहता सहित कई लोग उपस्थित थे। उद्घाटन के बाद सभी अतिथियों ने होटल का अवलोकन किया और होटल संचालक सुरेंद्र मुंडा को नई शुरुआत के लिए हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर थाना प्रभारी गौतम रजवार ने कहा कि स्थानीय स्तर पर नए व्यवसायों की शुरुआत क्षेत्र के विकास और रोजगार सृजन की दिशा में सकारात्मक कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शिवम होटल बेहतर सेवा, स्वच्छता और गुणवत्ता के माध्यम से लोगों का विश्वास जीतने में सफल होगा। वहीं होटल संचालक सुरेंद्र मुंडा ने सभी अतिथियों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका प्रयास ग्राहकों को स्वादिष्ट, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन के साथ बेहतर सेवा उपलब्ध कराना होगा। उन्होंने कहा कि लोगों के सहयोग और विश्वास के बल पर होटल को क्षेत्र की पहचान बनाने का प्रयास किया जाएगा।

