- 14 से 18 जनवरी तक होगा आयोजन, 20 वर्षों की साहित्यिक यात्रा के साथ किताबों, विचारों और संवाद का मनेगा उत्सव
जमशेदपुर। वेदांता जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल जनवरी 2027 में अपने ऐतिहासिक 20वें संस्करण के साथ दो दशक की साहित्यिक यात्रा पूरी करेगा। राजस्थान सरकार के सहयोग से यह आयोजन 14 से 18 जनवरी तक जयपुर में होगा। इस वर्ष की थीम ‘विचारों, कहानियों और संवाद के 20 साल’ है। 2006 में शुरू हुए महोत्सव ने अब तक 8,000 से अधिक लेखकों, वक्ताओं और कलाकारों की मेजबानी की है तथा 50 लाख से अधिक दर्शकों को जोड़ा है। डिजिटल माध्यमों और प्रसारण सहयोगियों के जरिए इसकी पहुंच एक अरब से अधिक लोगों तक बताई गई है। अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, स्पेन, ऑस्ट्रेलिया, मध्य पूर्व, मालदीव और आयरलैंड सहित कई देशों में इसके 15 से अधिक अंतरराष्ट्रीय संस्करण हो चुके हैं। महोत्सव साहित्य के साथ इतिहास, राजनीति, विज्ञान, अर्थशास्त्र, दर्शन, कला, स्वास्थ्य, प्रवासन और पर्यावरण जैसे विषयों पर संवाद का मंच भी बना है। भारतीय और अंतरराष्ट्रीय भाषाओं के लेखकों को मंच देकर यह भाषाई विविधता और अनुवाद को बढ़ावा देता रहा है। 20वीं वर्षगांठ के अवसर पर महोत्सव की घोषणा भारत की सभी 22 आधिकारिक भाषाओं में जारी की गई है। टीमवर्क आर्ट्स के प्रबंध निदेशक और महोत्सव के निर्माता संजॉय के. रॉय ने कहा कि किताबों और विचारों में लोगों को जोड़ने की शक्ति है। लेखकों की उदारता, दर्शकों की जिज्ञासा और संवाद के प्रति साझा प्रतिबद्धता ने महोत्सव को यह मुकाम दिया है। सह-निदेशक नमिता गोखले ने कहा कि भारत की आत्मा उसकी साहित्यिक विरासत और भाषाई विविधता में बसती है। वहीं, टीमवर्क आर्ट्स की प्रमुख प्रीता सिंह ने कहा कि दो दशकों में महोत्सव दुनिया के प्रमुख साहित्यिक और सांस्कृतिक मंचों में शामिल हुआ है। उन्होंने इसके अगले पड़ाव में नए दर्शकों तक पहुंच और स्वतंत्र व समावेशी सांस्कृतिक संवाद को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।

