September 3, 2026

लातेहार । जिले के बालूमाथ में बुधवार रात को एक गंभीर गोलीबारी की घटना सामने आई। मगध कोलियरी के चमातु स्थित 22 नंबर कांटा पर चार अज्ञात अपराधियों ने करीब डेढ़ बजे ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस घटना में वहां तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर अरुण उरांव (30) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें पैर में गोली लगी है। अरुण उरांव, जो शेरेगढ़ा गांव के निवासी रामकुमार उरांव के पुत्र हैं, को तुरंत बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रांची के रिम्स में रेफर किया गया। गोलीबारी के बाद, अपराधियों ने मौके पर एक पर्चा छोड़ा है, जिसमें राहुल दुबे और अमन साहू गैंग का नाम लिखा हुआ है। इस पर्चे में कोयला खनन का कार्य कर रही वीपीआर कंपनी को धमकी दी गई है और उसे मैनेज करने की बात कही गई है। इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है और पर्चे की सत्यता के साथ-साथ गोलीबारी में शामिल अपराधियों की पहचान करने का कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *