September 1, 2026

तमिलनाडु । देश को झकझोर देने वाले कोल्ड्रिफ कफ सिरप कांड में आखिरकार बड़ा एक्शन हुआ है। श्रीसन फार्मास्युटिकल्स के मालिक रंगनाथन को चेन्नई से गिरफ्तार कर लिया गया है। यह वही कंपनी है, जिसकी जहरीली सिरप के सेवन से मध्य प्रदेश और राजस्थान में अब तक कम से कम 23 बच्चों की मौत हो चुकी है। जांच में खुलासा हुआ है कि कोल्ड्रिफ सिरप में अत्यधिक मात्रा में डाइएथिलीन ग्लाइकॉल नामक औद्योगिक रसायन मिला हुआ था। यह रसायन मानव शरीर के लिए बेहद खतरनाक होता है और कई देशों में प्रतिबंधित है। सिरप में यह ज़हर 48% तक पाया गया, जबकि अधिकतम अनुमेय सीमा महज 0.1% होती है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रंगनाथन को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा लाया जाएगा, जहां इस त्रासदी में सबसे ज्यादा बच्चों की मौतें हुई हैं। इस केस की जांच के लिए एक विशेष एसआईटी (SIT) टीम बनाई गई थी, जिसके बाद यह गिरफ्तारी संभव हो सकी। तमिलनाडु के कांचीपुरम जिले के सुंगुवरचत्रम इलाके में स्थित श्रीसन फार्मास्युटिकल्स फैक्ट्री की 26 पन्नों की जांच रिपोर्ट में बेहद चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। फैक्ट्री में 350 से अधिक मानकों और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया गया। दवा निर्माण में जंग लगे उपकरण, गैर-फार्मा-ग्रेड केमिकल्स, और जीएमपी (GMP) सर्टिफिकेशन के बिना उत्पादन जारी था। यह फैक्ट्री पिछले 14 वर्षों से कोल्ड्रिफ सिरप का निर्माण कर रही थी और देशभर के कई राज्यों में सप्लाई कर रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *