August 30, 2026

दुमका । जिले में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वीर कुंवर सिंह चौक के पास स्थित पुलिस इंस्पेक्टर कार्यालय के पीछे एक तीस वर्षीय महिला और छह साल की मासूम बच्ची का शव बरामद किया गया. घटना गांधी मैदान के समीप की बताई जा रही है. सुबह-सुबह शव दिखते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए. स्थानीय लोगों के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि बीती रात महिला और बच्ची की हत्या कर दी गई. दोनों के शव एक साथ मिलने से मामला डबल मर्डर का प्रतीत हो रहा है. हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक हत्या के तरीके और समय को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. बताया जा रहा है कि मृत महिला मानसिक रूप से अर्धविक्षिप्त थी. वह अक्सर अपनी छह साल की बच्ची के साथ इस इलाके में देखी जाती थी. स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला के साथ एक दिव्यांग युवक भी कई बार नजर आता था, जो आसपास ही घूमता रहता था. इसी युवक को लेकर पुलिस को शक है और उसकी तलाश की जा रही है. घटनास्थल के आसपास हड़िया शराब का अवैध कारोबार होने की भी चर्चा है. ऐसे में यह इलाका पहले से ही संवेदनशील माना जाता रहा है. स्थानीय लोगों का मानना है कि किसी विवाद या आपसी रंजिश के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है. हालांकि, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है. सुबह जब राहगीरों और स्थानीय लोगों ने महिला और बच्ची का शव देखा तो अफरा-तफरी मच गई. तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही दुमका पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर लिया. इसके बाद फॉरेंसिक जांच की प्रक्रिया शुरू की गई. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस उस दिव्यांग युवक की तलाश में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. इस दोहरे हत्याकांड से पूरे दुमका शहर में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *