August 30, 2026

लातेहार। भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की पलामू प्रमंडलीय टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने लातेहार जिले के गारू प्रखंड सह अंचल कार्यालय में पदस्थापित अमीन नूनूदेव कुमार को सात हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपित से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, वादी ने एसीबी को शिकायत की थी कि जमीन संबंधी कार्य को आगे बढ़ाने के एवज में अमीन द्वारा सात हजार रुपये की मांग की जा रही है। शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार जैसे ही वादी ने आरोपित को राशि सौंपी, पहले से घात लगाए टीम के अधिकारियों ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान कार्यालय परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।  एसीबी की टीम आरोपित को अपने साथ लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी रही। सूत्रों के अनुसार, आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।  इस कार्रवाई के बाद सरकारी कार्यालयों में हड़कंप मच गया है और एसीबी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा किसी भी स्तर पर अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले में दिनभर इस कार्रवाई की चर्चा होती रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *