August 30, 2026

थाना प्रभारी प्रभात कुमार की तत्परता से बचीं कई जानें, 18 रेफर, 4 की हालत गंभीर

हंटरगंज : संवाददाता: कौलेश्वरी धाम में मुंडन संस्कार के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की खुशियां बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में तब्दील हो गईं। हंटरगंज थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव के समीप श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में कुल 26 लोग घायल हो गए, जिनमें 4 की हालत गंभीर बनी हुई है। यह हादसा हंटरगंज–शेरघाटी मुख्य मार्ग पर सोनवर्षा जंगल के कडुरवा ढोढा के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, बिहार के गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र के उचिरमा गांव निवासी पाचू मांझी अपने परिवार व ग्रामीणों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से कौलेश्वरी मंदिर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन की रफ्तार अधिक थी, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रॉली पलट गई।थाना प्रभारी की तत्परता बनी राहत की बड़ी वजह घटना की सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने असाधारण तत्परता दिखाते हुए तत्काल पुलिस बल के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए। उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की कमान संभाली। स्थानीय ग्रामीणों को साथ लेकर घायलों को ट्रॉली के नीचे से निकालने का कार्य तेजी से कराया गया। प्रभात कुमार ने बिना समय गंवाए सभी घायलों को तुरंत हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया और वहां इलाज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई। उनकी सक्रियता के कारण घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी, जिससे कई लोगों की जान बचाई जा सकी। बेहतर इलाज के लिए त्वरित रेफरल व्यवस्था
थाना प्रभारी ने चिकित्सकों के साथ समन्वय स्थापित कर गंभीर रूप से घायल 18 श्रद्धालुओं को तुरंत गया स्थित मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर करवाया। उन्होंने एंबुलेंस की व्यवस्था और यातायात सुचारू कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे घायलों को बिना विलंब उच्च स्तरीय उपचार मिल सका। चिकित्सकों के अनुसार घायलों में दो महिलाएं और दो बच्चियों की हालत अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है। वहीं चार अन्य घायलों का इलाज जजलो के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
घायलों में महिलाएं-बच्चे भी शामिल
हादसे में घायल होने वालों में रंजन कुमार, राहुल कुमार, राकेश कुमार, प्रीति कुमारी, पूनम कुमारी, नितेश कुमार, मनोज मांझी, पायल कुमारी, रामदही मांझी, सैउनी देवी, सुरमिया देवी, मुन्नी देवी, सन्नी देवी, मिथलेश मंडल, मिथलेश मांझी, मैनी देवी, राधिका कुमारी और बेमतीया सहित अन्य शामिल हैं। सभी घायल गया जिले के शेरघाटी क्षेत्र के निवासी हैं।
थाना प्रभारी की भावुक अपील
इस हृदयविदारक घटना के बाद थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए श्रद्धालुओं से भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था के नाम पर अपनी और अपने परिवार की जान जोखिम में न डालें। ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे वाहन केवल माल ढुलाई के लिए होते हैं, इन पर यात्रा करना अत्यंत खतरनाक है। उन्होंने लोगों से सुरक्षित वाहनों का उपयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय देने की अपील की।
कौलेश्वरी मेले में उमड़ रही भारी भीड़ के बीच यह हादसा एक बड़ा सबक बनकर सामने आया है। वहीं, थाना प्रभारी प्रभात कुमार की तत्परता और नेतृत्व ने इस संकट की घड़ी में राहत कार्य को गति देकर कई जिंदगियों को बचाने में अहम भूमिका निभाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *