August 30, 2026

पलामू । रामनवमी के मौके पर मेदिनीनगर में डीजे के तेज शोर ने बड़ा बवाल खड़ा कर दिया। साउंड कॉम्पिटिशन के दौरान इतनी तेज आवाज हुई कि एक महिला की तबीयत बिगड़ गई और एक होटल के शीशे तक टूट गए। मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो डीजे जब्त कर लिए हैं। शनिवार देर रात बेलवाटिकर इलाके में दो डीजे के बीच साउंड कॉम्पिटिशन चल रहा था। एक डीजे भोपाल (मध्य प्रदेश) का था, जबकि दूसरा उत्तर प्रदेश के मऊ से आया था। दोनों के बीच तेज आवाज में प्रतिस्पर्धा हो रही थी, जिससे पूरे इलाके में शोर का स्तर काफी बढ़ गया। इसी दौरान पास के एक होटल कारोबारी की मां की तबीयत अचानक खराब हो गई। उनके हार्ट में पहले से पेसमेकर लगा हुआ है। तेज आवाज के कारण उनकी हालत बिगड़ी और उन्हें तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। तेज साउंड का असर इतना ज्यादा था कि होटल में लगे कांच के शीशे भी टूट गए। इससे होटल कारोबारी को नुकसान उठाना पड़ा। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद होटल कारोबारी ने मेदिनीनगर टाउन थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों डीजे के खिलाफ एफआईआर दर्ज की और उन्हें जब्त कर लिया।
पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने कार्रवाई की पुष्टि की है। वहीं थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *