August 30, 2026

रांची। राजधानी रांची के अनगड़ा इलाके में रविवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। बाइक से अपने गांव लौट रहे दो भाइयों को एक अनियंत्रित ट्रक ने कुचल दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा अनगड़ा थाना क्षेत्र के चमघाटी के पास हुआ। मृतकों की पहचान नवाडीह निवासी प्रभात महतो और अनिल महतो के रूप में हुई है, जो रिश्ते में चचेरे भाई थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों बाइक से घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने बताया कि ट्रक काफी तेज गति में था और अचानक ब्रेक फेल हो गया। इसी वजह से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और यह हादसा हो गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का पहिया निकलकर दूर जा गिरा और ट्रक सड़क से नीचे उतर गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही अनगड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है। सिल्ली डीएसपी अनुज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी। जैसे ही दोनों भाइयों की मौत की खबर उनके घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी मातम का माहौल है और लोग इस हादसे से स्तब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *