August 30, 2026

हजारीबाग । जिले के चौपारण स्थित दनुआ घाटी में शनिवार को भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार से जुड़े छह लोगों की मौत हो गई। बीसीसीएल के गोविंदपुर क्षेत्र अंतर्गत महेशपुर कोलियरी में लाइनमैन शिव कुमार भुइयां अपनी कार से परिवार के साथ गयाजी के आमस में एक पारिवारिक शादी समारोह में जा रहे थे। धनबाद के नंबर प्लेट वाली कार जब चौपारण की दनुआ घाटी के जोड़राही पुल के समीप पहुंची, तब अचानक आगे चल रहे एक ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी। कार सवार कुछ समझ पाते, पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार दोनों भारी वाहनों के बीच दबने से कार मलबे का ढेर बन गई। हादसे के बाद ट्रक और ट्रेलर चालक भाग निकले। सूचना पर पहुंची चौपारण पुलिस ने धनबाद नंबर की कार देख वहां की पुलिस से संपर्क किया, तब मृतकों की शिनाख्त हो सकी। हादसे का मंजर इतना खौफनाक था कि कार के परखच्चे उड़ गए थे। सभी शव कार के अंदर ही बुरी तरह फंसे थे। चौपारण पुलिस और एनएचएआई की बचाव टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से मशक्कत के बाद गैस कटर और अन्य उपकरणों से शवों को बाहर निकाला गया। गौरतलब है कि पिछले चार दिनों में इस क्षेत्र में यह लगातार पांचवीं घटना है। तमाम कोशिशों के बाद भी यहां दुर्घटनाएं नहीं रुक रहीं। ब्लैक स्पॉट्स पर नियंत्रण नहीं पाया जा सका है, जिससे यह क्षेत्र अब राहगीरों की मौत का पर्याय बन चुका है। मृतकों में धनबाद के मधुबन स्थित बुदौरा कॉलोनी निवासी बीसीसीएल शिव कुमार भुइयां (45), उनकी पत्नी रूबी देवी (38), बड़ी पुत्री सोनी (12), छोटी प सुहानी (9), शिव कुमार के साला का पुत्र प्रेम(7) व उसके ससुर के रूप में की गई है। शिव कुमार के परिवार के साथ जो हादसा हुआ, उसने कॉलोनी के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। शवों को देखने के बाद जो मंजर सामने आया, वह बयां करने लायक नहीं है। पत्थर दिल इंसान की आंखें भी नम हो जाएंगी। सभी के शव टुकड़े-टुकड़ में कट चुके थे। वहीं जिस जगह हादसा हुआ वहां घुप अंधेरे की वजह से मंजर और भी खौफनाक हो गया था। तेज रफ्तार और खतरनाक मोड़ों के कारण हुआ यह हादसा इतना भीषण था कि मासूम बच्चों के शव तक पहचान में नहीं आ रहे थे। लोग जब मौके पर पहुंचे तो हर कोई स्तब्ध रह गया। किसी की हिम्मत नहीं हो रही थी कि उस दर्दनाक दृश्य को लंबे समय तक देख सके। कई लोग वहीं फूट-फूट कर रो पड़े। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। बचाव कार्य शुरू किया गया। शवों को इकट्ठा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पहचान होने तक शवों को सुरक्षित रखने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *