Oplus_131072
पलामू। हरिहरगंज थाना क्षेत्र की बटाने नदी में हुए दर्दनाक हादसे में तीन दोस्तों की तलाश अब पूरी हो गई है। शनिवार को नदी में नहाने के दौरान डूबे तीन युवकों में से आखिरी युवक टेनी का शव भी सोमवार को बरामद कर लिया गया। तीनों युवक बिहार के औरंगाबाद जिले के मिनी बीघा गांव के रहने वाले थे। जानकारी के मुताबिक, राजेंद्र साव, रितिक और टेनी शनिवार को पिकनिक मनाने बटाने नदी पहुंचे थे। कुछ देर बाद तीनों नहाने के लिए नदी में उतर गए। इसी दौरान वे गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों ने राजेंद्र साव को बेहोशी की हालत में नदी से बाहर निकाला। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उसे रेफर किया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। हादसे के बाद नदी में लापता दोनों युवकों की तलाश शुरू की गई। रविवार को रितिक का शव बटाने पुल के समीप से बरामद किया गया। इसके बाद टेनी की तलाश जारी रही। सोमवार को हरिहरगंज के सियरभूंका इलाके में बटाने नदी से टेनी का शव मिला। एनडीआरएफ की टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान शव को बाहर निकाला। हादसे की सूचना के बाद पलामू पुलिस ने एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को जानकारी दी थी। सोमवार को एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में तलाशी अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद तीसरे युवक का शव बरामद किया गया।

