August 31, 2026
1000796743

पटना । जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को कथित जहरीली शराब पीने से चार युवकों की मौत का मामला सामने आया है। घटना बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव के सैदपुर मोहल्ले की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान विकास, शशि, पंकज और रिशु के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों के अनुसार, चारों युवक एनटीपीसी में काम करते थे। रविवार को छुट्टी होने के कारण चारों एक साथ पार्टी करने के लिए जुटे थे। बताया जा रहा है कि सभी ने एक साथ बैठकर मछली, रोटी और चावल खाया। इसी दौरान शराब पीने की बात भी सामने आ रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, शराब पीने के कुछ देर बाद ही चारों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उनकी हालत इतनी खराब हो गई कि मुंह से झाग निकलने लगा। आनन-फानन में चारों को बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया। हालांकि, इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई। अनुमंडलीय अस्पताल के डॉक्टर के मुताबिक, चारों की तबीयत किसी जहरीले पदार्थ के सेवन के कारण खराब होने की आशंका है। हालांकि, शराब पीने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। बताया जा रहा है कि जिस जगह पर चारों ने खाना-पीना किया था, वहां थाली में मछली, रोटी और चावल के साथ शराब की बोतलें भी मिली हैं। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मौके से मिले सामान और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। ग्रामीणों की ओर से इसे जहरीली शराब का मामला बताया जा रहा है, लेकिन फिलहाल प्रशासन या पुलिस की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि चारों की मौत शराब पीने से हुई या किसी अन्य जहरीले पदार्थ के सेवन से। घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस की जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *