August 31, 2026

जोरी गांव में रात के वक्त हुआ हादसा,घर गिरने से गृहस्थी का सामान हुआ प्रभावित; सरकारी आवास योजना का लाभ देने की मांग

किस्को-लोहरदगा । बीते रात हुई भारी बारिश के कारण किस्को प्रखंड क्षेत्र के जोरी गांव में एक गरीब परिवार का कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसा रात के समय हुआ,लेकिन गनीमत रही कि मकान गिरने के दौरान परिवार के किसी सदस्य को चोट नहीं लगी। परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं।जानकारी के अनुसार, जोरी गांव निवासी लांचन लोहरा, पिता स्वर्गीय जाल्हा लोहरा का मकान काफी पुराना और कच्चा था। लगातार बारिश के कारण मकान की स्थिति और कमजोर हो गई और रात में अचानक पूरा घर गिर गया। मकान गिरने से परिवार के सामने रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। वहीं, घर में रखा सामान भी प्रभावित हुआ है।ग्रामीणों के अनुसार, लांचन लोहरा का परिवार आर्थिक रूप से काफी कमजोर है और अपने स्तर से नया मकान बनाना इनके लिए संभव नहीं है। ऐसे में परिवार को सरकारी आवास योजना का लाभ मिलने की जरूरत है, ताकि उन्हें सुरक्षित और पक्का आशियाना मिल सके।ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि मामले की जांच कर पीड़ित परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना या अन्य उपयुक्त सरकारी आवास योजना का लाभ दिलाया जाए। साथ ही तत्काल राहत एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि गरीब परिवार को बारिश के मौसम में परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *