August 28, 2026

कोलकाता । पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में सुबह सुबह दर्दनाक हादसे की खबर है। यहां सेंट्रल कोलकाता में मिर्जा ग़ालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में भीषण आग लगने से 1 बच्चे समेत 9 लोगों की मौत हो गई है। आग होटल के ठीक बगल में मौजूद फायर स्टेशन के पास लगी। इसके बावजूद दम घुटने की वजह से कई लोगों की जान चली गई। मरने वालों में बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक आग तड़के करीब 2 बजे लगी थी। बंद कमरे में आग लगने के बाद पूरे होटल में धुआं भर गया। कई लोग सोते समय ही बेहोश हो गए और दम घुटने से उनकी मौत हो गई। हादसे में कई अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अग्निशमन विभाग ने एक बयान जारी कर बताया है कि मरने वाले बांग्लादेशी नागरिक थे जो इलाज के लिए भारत आए थे। अधिकारियों ने बताया, “कोलकाता की मिर्जा ग़ालिब स्ट्रीट पर एक होटल में तड़के करीब 2 बजे आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। घटना में मरने वाले बांग्लादेशी नागरिक थे जो इलाज के लिए यहां आए थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या एयर कंडीशनिंग यूनिट में धमाका हो सकती है। हालांकि अभी किसी वजह की पुष्टि नहीं हुई है। इससे पहले घटना की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है। पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *