30 जून से 29 जुलाई तक बीएलओ करेंगे घर-घर सत्यापन, 5 अगस्त को प्रकाशित होगी प्रारूप मतदाता सूची

सरायकेला: मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर विभिन्न माध्यमों से फैल रही अफवाहों को जिला प्रशासन ने पूरी तरह भ्रामक बताया है। उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि सभी पात्र मतदाताओं के नाम निर्धारित मैपिंग और सत्यापन प्रक्रिया के तहत नई मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में प्रशासन का सहयोग करें।
जिला समाहरणालय स्थित एनआईसी कक्ष में गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपायुक्त ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 की कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पुनरीक्षण के लिए अर्हता तिथि 1 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। तैयारी, प्रशिक्षण और मुद्रण कार्य 20 जून से 29 जून तक पूरा किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इसी अवधि में मतदान केंद्रों के युक्तिकरण का कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रारूप सूची के प्रकाशन के बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक दावा और आपत्ति दर्ज कराने की अवधि निर्धारित की गई है। दावों और आपत्तियों के निष्पादन तथा नोटिस संबंधी प्रक्रिया 3 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। इसके बाद 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। प्रेस वार्ता में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार और पारुल सिंह भी उपस्थित थे।
