महुआ टोली कैंप में देर रात वारदात से मचा हड़कंप, एक गार्ड हुआ घायल, पुलिस ने शुरू की छापेमारी
लोहरदगा । लोहरदगा सदर थाना क्षेत्र में गुरूवार देर रात्रि अज्ञात अपराधियों द्वारा गोलीबारी और आगजनी की घटना को अंजाम दिए जाने से इलाके में दहशत फैल गई। जानकारी के मुताबिक नवनिर्मित एनएच बाइपास सड़क निर्माण कार्य के लिए महुआ टोली स्थित कैंप में अज्ञात अपराधियों द्वारा कथित रूप से गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया है। सूत्रों के अनुसार घटना बीते रात्रि करीब 10 बजे की बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, गोलीबारी के दौरान कैंप में तैनात एक गार्ड के हाथ में गोली लगने की बात सामने आ रही है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से गार्ड के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी। घटना के बाद कैंप में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया।
दो हाईवा को किया आग के हवाले,इलाके में दहशत
बाइपास सड़क निर्माण कार्य के कैमो महुआ टोली स्थित कैंप में गोलीबारी के बाद अपराधियों ने सड़क निर्माण कार्य में लगे दो हाईवा वाहनों को कथित तौर पर आग के हवाले कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पेट्रोल छिड़ककर वाहनों में आग लगाने की बात सामने आ रही है। आगजनी में एक हाईवा पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त होने की सूचना है।वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। अचानक हुई गोलीबारी और आगजनी की घटना से आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया।
लोहरदगा पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी और सदर थानेदार रत्नेश मोहन ठाकुर घटनास्थल पर पहुंच कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इस बीच पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें अपराधियों की तलाश में जुट गई हैं। संभावित ठिकानों पर छापेमारी करने के साथ ही आसपास के इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इधर पुलिस घटना में शामिल अपराधियों की पहचान और वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गोलीबारी और आगजनी के पीछे आपराधिक गिरोह, किसी संगठन अथवा किसी अन्य विवाद का हाथ है या नहीं।
कई सवालों के जवाब पुलिसिया जांच के बाद ही होगा खुलासा

घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि बाइपास निर्माण कार्य के कैंप को ही निशाना क्यों बनाया गया और आगजनी के पीछे अपराधियों का उद्देश्य क्या था। क्या घटना के पीछे किसी संगठन या आपराधिक गिरोह का हाथ है,या फिर लेवी का मामला है। यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल सदर थाना पुलिस पूरे मामले की बारिकियों से जांच पड़ताल कर रही है। लोहरदगा में इस तरह की गोलीबारी और आगजनी की घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
