लातेहार : सदर थाना क्षेत्र के ललमटिया डैम इलाके में शुक्रवार की दोपहर वज्रपात की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई। दोनों की पहचान दिनेश भुईयां पिता सुरेंद्र भुईयां (26 ) और मुकेश भुईयां के रूप में की गई है।दोनों सदर थाना क्षेत्र के नावाडीह ग्राम के हैं।घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े थे। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ और दोनों युवक इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों युवकों की जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए। अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

