चंदवा (लातेहार): प्रखंड के सरोजनगर निवासी विशाल कुमार सिंह ने अपने संघर्ष, मेहनत और लगन के दम पर झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की फूड सेफ्टी ऑफिसर (FSO) परीक्षा उत्तीर्ण कर फूड सेफ्टी ऑफिसर बनने का गौरव हासिल किया है। विशाल की सफलता की कहानी युवाओं के लिए प्रेरणा है। आर्थिक और पारिवारिक परिस्थितियों के बीच उन्होंने बचपन में सुबह-सुबह अखबार बांटने का कार्य भी किया, लेकिन कभी अपनी पढ़ाई से समझौता नहीं किया। उन्होंने क्राइस्ट राजा स्कूल, चंदवा से पढ़ाई करते हुए ब्लॉक टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया। इसके बाद इंटरमीडिएट में जिला टॉपर बनकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। आगे चलकर उन्होंने फूलो-झानो मुर्मू कॉलेज ऑफ डेयरी टेक्नोलॉजी से बी.टेक. (डेयरी टेक्नोलॉजी) की डिग्री प्राप्त की। कॉलेज कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से उनका चयन झारखंड मिल्क फेडरेशन (मेधा डेयरी) में हुआ, जहां उन्होंने क्वालिटी एग्जीक्यूटिव के रूप में कार्य किया। नौकरी की व्यस्तताओं के बावजूद उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखी। लगातार मेहनत और धैर्य के बल पर उन्होंने झारखंड लोक सेवा आयोग की फूड सेफ्टी ऑफिसर परीक्षा में सफलता प्राप्त कर अपने सपने को साकार किया। अपनी सफलता का श्रेय विशाल ने अपने माता,छोटे मामा ,मामी , परिवार तथा क्राइस्ट राजा स्कूल के सभी शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का मार्गदर्शन, अनुशासन और प्रोत्साहन ही उनकी सफलता की मजबूत नींव बना। विशाल की इस उपलब्धि पर मेधा डेयरी के अधिकारियों एवं सहकर्मी कर्मचारियों ने उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विशाल की सफलता यह संदेश देती है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत निरंतर हो, तो सफलता एक दिन अवश्य मिलती है।

