August 29, 2026

गढवा।श्री बंशीधर नगर गढ़वा रोड-चोपन रेल खंड पर बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के पाल्हे कला गांव के समीप राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक अधेड़ व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया। मृतक की पहचान खरौंधी थाना क्षेत्र के मझिगावा गांव निवासी स्वर्गीय कैलाश प्रसाद यादव के 57 वर्षीय पुत्र अजय प्रसाद यादव के रूप में हुई है। घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। सूचना मिलने के बाद परिजन भी मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने बताया कि अजय प्रसाद यादव पिछले लगभग तीन माह से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहे थे। रविवार दोपहर वह घर से बिना बताए निकल गए थे। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह ग्रामीणों से सूचना मिली कि पाल्हे कला गांव के समीप रेलवे ट्रैक पर राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना से मृतक के परिवार में शोक की लहर है, जबकि गांव में भी मातम का माहौल व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *