August 29, 2026

रांची । राजधानी रांची में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई तेज होती नजर आ रही है. इसी कड़ी में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए बुढ़मू अंचल के अंचल अधिकारी सच्चिदानंद कुमार को हिरासत में ले लिया. उनके साथ अंचल कार्यालय के एक राजस्व कर्मचारी राजेश कुमार और एक अन्य सहयोगी को भी पूछताछ के लिए एसीबी मुख्यालय लाया गया है. तीनों से देर रात से लगातार पूछताछ जारी है और माना जा रहा है कि जांच के आधार पर आगे गिरफ्तारी की कार्रवाई भी हो सकती है. सूत्रों के अनुसार, एसीबी की टीम ने सबसे पहले अंचल कार्यालय में कार्यरत एक राजस्व कर्मचारी से पूछताछ की. उसके बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर अंचल अधिकारी को भी हिरासत में लिया गया. हालांकि एसीबी ने अब तक आधिकारिक रूप से यह स्पष्ट नहीं किया है कि कार्रवाई किस विशेष मामले में की गई है, लेकिन शुरुआती जानकारी के मुताबिक मामला जमीन से जुड़े कार्य और कथित अवैध वसूली से संबंधित बताया जा रहा है. बताया जा रहा है कि शिकायत मिली थी कि सरकारी कार्यों के बदले रिश्वत लेने का सिलसिला जारी है. आरोप है कि पैसे के लेन-देन का तरीका बदलकर देर रात वसूली की जा रही थी, ताकि कार्रवाई से बचा जा सके. इसी इनपुट के आधार पर एसीबी ने पूरी योजना बनाकर कार्रवाई की और तीन लोगों को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी. फिलहाल एसीबी मुख्यालय में तीनों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है. अधिकारी इस पूरे मामले में फिलहाल कुछ भी आधिकारिक रूप से बताने से बच रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *