August 29, 2026

धनबाद । झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के बीच धनबाद जिला प्रशासन ने अवैध वसूली के आरोप में एक आधार केंद्र के खिलाफ कार्रवाई की है. गुरुवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) लोकेश बारंगे ने वासेपुर स्थित एक आधार केंद्र पर छापेमारी कर उसे सील कर दिया. प्रशासन के अनुसार, केंद्र पर लोगों से 50 से 100 रुपये लेकर अनधिकृत रूप से SIR का एन्यूमरेशन फॉर्म भरने का काम किया जा रहा था. इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद जांच कराई गई. आरोप सही पाए जाने पर केंद्र को तत्काल सील कर दिया गया. फिलहाल केंद्र संचालक की तलाश की जा रही है. एसडीएम लोकेश बारंगे ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देश पर पूरे झारखंड में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चल रहा है. इसी दौरान प्रशासन को सूचना मिली कि वासेपुर स्थित एक आधार केंद्र पर फॉर्म भरने के बदले लोगों से पैसे लिए जा रहे हैं. शिकायत की पुष्टि होने के बाद कार्रवाई की गई. उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया के नाम पर किसी भी प्रकार की अवैध वसूली या अनधिकृत गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसे अन्य केंद्रों पर भी प्रशासन की निगरानी है और शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि SIR का एन्यूमरेशन फॉर्म स्वयं भरें. यदि किसी मतदाता को फॉर्म भरने में कठिनाई हो तो वह अपने क्षेत्र के बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ), सुपरवाइजर या अधिकृत स्वयंसेवक से निःशुल्क सहायता प्राप्त करें. एसडीएम ने यह भी कहा कि किसी साइबर कैफे, आधार केंद्र या बिचौलिए को पैसे देकर फॉर्म भरवाने से गलत जानकारी दर्ज होने का जोखिम बढ़ सकता है. उन्होंने चेतावनी दी कि गलत सूचना देकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने या किसी भी प्रकार की अनियमितता करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ जनप्रतिनिधित्व अधिनियम (Representation of the People Act) तथा अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *