August 29, 2026

रांची : बदलती खानपान की आदतों और स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता के बीच फ्लिपकार्ट की फूड एंड न्यूट्रिशन कैटेगरी ने पिछले एक वर्ष में 50 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। कंपनी के मुताबिक इस बढ़ोतरी में जेन-जी उपभोक्ताओं और टियर-2 व उससे छोटे शहरों के ग्राहकों की बड़ी भूमिका रही। कुल मांग में 65 प्रतिशत हिस्सेदारी टियर-2+ बाजारों की रही, जबकि 25 प्रतिशत ऑर्डर फ्लिपकार्ट मिनट्स के जरिए पूरे किए गए।

कंपनी के अनुसार युवा ग्राहक सोशल मीडिया, रेसिपी वीडियो और वेलनेस ट्रेंड्स से प्रेरित होकर हाई-प्रोटीन ओट्स, प्रोटीन पीनट बटर, प्रोटीन मूसली, गॉरमे चॉकलेट और कोरियन स्नैक्स जैसे उत्पाद खरीद रहे हैं। वहीं छोटे शहरों में ऑलिव ऑयल, कोल्ड-प्रेस्ड ऑयल, प्रीमियम ड्राई फ्रूट्स, ऑथेंटिक घी और डेट्स जैसे हेल्दी उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ी है। इन उत्पादों की ऑनलाइन खोज में पिछले एक वर्ष के दौरान 80 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई है।

फ्लिपकार्ट के वाइस प्रेसिडेंट (कंज्यूमेबल्स) निशांत दलाल ने कहा कि भारत में भोजन अब केवल जरूरत नहीं, बल्कि वेलनेस, लाइफस्टाइल और नई चीजों को अपनाने का माध्यम बन गया है। डिजिटल कॉमर्स ने बेहतर खाद्य विकल्पों को देश के छोटे शहरों तक पहुंचाना आसान बनाया है और फ्लिपकार्ट ऐसा इकोसिस्टम तैयार कर रहा है, जहां बड़े ब्रांडों के साथ उभरते डी2सी ब्रांड भी तेजी से आगे बढ़ सकें।

इन बदलते उपभोक्ता रुझानों को ध्यान में रखते हुए फ्लिपकार्ट फूड फेस्ट 3.0 का आयोजन किया गया, जिसमें 50 से अधिक प्रमुख फूड एवं बेवरेज ब्रांड, 1,000 से ज्यादा क्रिएटर्स, सेलिब्रिटी शेफ रणवीर ब्रार, कुणाल कपूर, फराह खान और कई अन्य हस्तियां शामिल हुईं। आयोजन के दौरान 10 से अधिक नए उत्पाद लॉन्च किए गए और ग्राहकों के लिए विभिन्न थीम आधारित अनुभव तैयार किए गए। फूड फेस्ट की शुरुआत 7 और 8 जुलाई को ऑन-ग्राउंड सेलिब्रेशन से हुई। इसके साथ ही 7 से 15 जुलाई तक इन-ऐप सेल आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर के ग्राहक सीमित अवधि के ऑफर, क्यूरेटेड कलेक्शन और नए ब्रांड लॉन्च का लाभ उठा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *