August 29, 2026

पटना । बिहार के हाजीपुर में शनिवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हेलीकॉप्टर को लेकर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सरकारी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद जैसे ही मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर अक्षयवट राय स्टेडियम से उड़ा, वह आगे बढ़ने के बजाय करीब सात मिनट तक हवा में एक ही जगह पर मंडराता रहा। यह नजारा देखकर वहां मौजूद लोगों और अधिकारियों की सांसें थम गईं। कुछ लोग हेलीकॉप्टर देखने के बजाय सुरक्षित जगहों की ओर भागने लगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सरकारी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए हेलीकॉप्टर से हाजीपुर पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उनका हेलीकॉप्टर अक्षयवट राय स्टेडियम से पटना के लिए रवाना हुआ। उड़ान भरने के तुरंत बाद हेलीकॉप्टर ने आगे बढ़ने के बजाय आसमान में ही करीब सात मिनट तक एक ही स्थान पर होल्ड किया। इस अप्रत्याशित स्थिति से स्टेडियम में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया। हेलीकॉप्टर के लंबे समय तक हवा में रुके रहने से किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। पुलिसकर्मियों ने स्टेडियम में मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटाना शुरू किया। कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि पुलिस ने हालात को जल्द ही नियंत्रित कर लिया। करीब सात मिनट बाद हेलीकॉप्टर ने सामान्य रूप से उड़ान भरी और सुरक्षित पटना के लिए रवाना हो गया। घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि हेलीकॉप्टर में किसी तरह की तकनीकी खराबी नहीं आई थी। अधिकारियों के मुताबिक, पायलट को आगे की लोकेशन स्पष्ट रूप से नहीं मिल पा रही थी। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए उन्होंने हेलीकॉप्टर को हवा में ही होल्ड करने का फैसला लिया। जैसे ही आगे की लोकेशन स्पष्ट हुई, हेलीकॉप्टर ने सामान्य रूप से अपनी उड़ान जारी रखी और सुरक्षित रवाना हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *