पलामू । जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के समीप स्थित कोयल नदी पुल से शनिवार को एक युवती ने नदी में छलांग लगा दी. घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से युवती को नदी से बाहर निकालकर तत्काल एमएमसीएच में भर्ती कराया गया. वहां उसका इलाज चल रहा है. युवती की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के कंकारी गांव निवासी शहनाज खातून (19 वर्ष) के रूप में हुई है. वह गांव के मुस्लिम अंसारी की बेटी है. घटना करीब शाम 4 बजे की है. उसी समय ऑटो से सामान लेकर जा रहे एक युवक मो. शाह ने उसे नदी में छलांग लगाते देखा. उसने नदी में कूद कर युवती को बाहर निकाला. घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल पुलिस चौकी के पुलिस पदाधिकारी और पुलिस जवान विकास कुमार व महेंद्र कुमार तुरंत एमएमसीएच पहुंचे। पुलिस ने युवती के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है और अस्पताल पहुंचे परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन और आत्महत्या के प्रयास के कारणों का पता लगाने में जुट गई है।

