गंगटोक । सिक्किम में लैंडस्लाइड के बाद निर्माणाधीन समारदुंग सुरंग का एंट्री गेट बंद होने के बाद सोमवार से ही कई मजदूर अंदर फंसे हुए थे. इस बीच टनल में मीथेन गैस रिसाव होने की वजह से हालात और भी खराब हो गए. अब तक 8 मजदूरों की मौत हो चुकी है. वहीं 12 मजदूरों को जिंदा बाहर निकाला गया है. माना जा रहा है कि 18 से ज्यादा लोग फंसे हो सकते हैं, जिनको बाहर निकालने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सिक्किम पुलिस और अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं की टीमें युद्धस्तर पर बचाव अभियान जारी रखे हुए हैं. हालांकि सही संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है. राहत और बचाव कार्य के दौरान कुछ कर्मियों के घायल होने की भी खबर है. कुछ रेस्क्यू वर्कर्स भी बेहोश नामची जिले के समरडुंग, झोलुंगे में NHPC के तीस्ता स्टेज VI हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट की निर्माणाधीन सुरंग में फंसे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीमों को काफी दिक्कतें आ रही हैं. टनल के अंदर गैस रिसाव की वजह से भीतर घुसे कुछ रेस्क्यू वर्कर्स भी चक्कर खाकर बेहोश हो गए.लगातार बारिश और मुश्किल हालात के बावजूद, मुख्यमंत्री लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और संबंधित विभागों के साथ मिलकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि चल रहे बचाव अभियान के लिए सभी जरूरी संसाधन लगाए जाएं।

