August 29, 2026

रांची खूंटी जिले के तोरपा में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां करंट लगने से दो स्कूली छात्रों की मौत हो गई है, जबकि सात छात्र झुलस गए हैं. इनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है. सभी छात्र तोरपा के श्री हरि प्लस टू विद्यालय के हैं. स्कूल में लंच ब्रेक के दौरान यह हादसा हुआ है. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. दरअसल, स्कूल परिसर के समीप स्थित मंदिर में रथयात्रा का रथ रखा हुआ था. लंच ब्रेक के दौरान बच्चे वहीं खेल रहे थे. इसी बीच किसी के द्वारा बच्चों की मदद से रथ को एक स्थान से दूसरे स्थान पर हटवाया जा रहा था. इसी दौरान रथ 11 हजार वोल्ट की हाई-टेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे उसमें तेज करंट दौड़ गया और बच्चे इसकी चपेट में आ गए. मृतक चंदन के पिता ननका यादव ने कहा कि बेटे को करंट लगने की सूचना मिलते ही बहुत दौड़े भागे अस्पताल पहुंचे. उन्होंने बताया कि अब बच्चे ही बताएंगे कि आखिर रथ कैसे बिजली तार के चपेट में आया. हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से सभी बच्चों को तोरपा रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया. गंभीर रूप से झुलसे दो छात्रों को सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही चंदन कुमार और तेजेश्वर महतो ने दम तोड़ दिया. एक अन्य गंभीर छात्र को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज तोरपा रेफरल अस्पताल में जारी है. घायल छात्रों का नाम है; रूपेश सिंह, अरमान आलम, पंकज राम, गिरिराज यादव, सुजय लोहरा, नीलाय एक्का और एक अन्य छात्र जिसे गंभीर हालत में रिम्स भेजा गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *