लातेहार : गारू थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी के मामले का सफल उद्भेदन करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गई ट्रैक्टर को बरवाडीह थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल नंबर जेएच 03ए डब्लू 5998 और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। मामले का खुलासा सोमवार को महुआडांड़ पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी पूजा कुमारी ने प्रेसवार्ता में किया। एसडीपीओ ने बताया कि गारू थाना क्षेत्र के सुरकुमी बेसनाखाड़ गांव निवासी विनोद उरांव की ट्रैक्टर एक जुलाई की रात घर के समीप से चोरी हो गई थी। घटना के बाद पीड़ित ने गारू थाना में लिखित आवेदन देकर मामला दर्ज कराया। आवेदन के आधार पर गारू थाना कांड संख्या 13/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) में प्राथमिकी दर्ज की गई। लातेहार पुलिस अधीक्षक गौरव कुमार के निर्देश पर गारू थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर मामले की जांच शुरू की गई। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान बरवाडीह थाना क्षेत्र से चोरी गई ट्रैक्टर बरामद कर ली गई और तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों में नागदेव रवि उर्फ सुजीत राम (19), पिता महरंग मोची, ग्राम रेवारातू, थाना लेस्लीगंज (पलामू), सागर राम उर्फ सागर सिंह (52), पिता सीताराम, वर्तमान पता रेवारातू, थाना लेस्लीगंज (पलामू) तथा स्थायी पता जगदीशपुर, अंबिकापुर (छत्तीसगढ़), और रवि यादव (19), पिता जीतन यादव, ग्राम बेसनाखाड़, जिला लातेहार शामिल हैं।पूछताछ में तीनों आरोपितों ने ट्रैक्टर चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। एसडीपीओ पूजा कुमारी ने बताया कि जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मुख्य आरोपित नागदेव रवि उर्फ सुजीत राम ऑनलाइन गेम में बड़ी रकम हार गया था। नुकसान की भरपाई के लिए उसने कम समय में अधिक पैसा कमाने की नीयत से ट्रैक्टर चोरी की योजना बनाई। इस योजना में वाहन चलाने और उसकी तकनीकी जानकारी रखने वाला सागर राम भी शामिल हो गया। दोनों ने गारू निवासी रवि यादव के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर चोरी गई ट्रैक्टर के साथ घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। छापेमारी दल में पुअनि इंद्रदेव राम, जिला पुलिस बल एवं आईआरबी के जवान शामिल थे।

