August 29, 2026

रांची ।‌ झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताएं सामने आई थीं। इसे लेकर मंगलवार को सीआईडी और रांची पुलिस ने जेपीएससी कार्यालय और परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी के ठिकानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के कुछ ही घंटे बाद आयोग के अध्यक्ष एल खियांग्ते ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। एल खियांग्ते को 27 फरवरी 2025 को झारखंड लोक सेवा आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। इससे पहले वह झारखंड सरकार के मुख्य सचिव रह चुके हैं। सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें आयोग की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। हालांकि, उनके इस्तीफे के कारणों को लेकर सरकार या आयोग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मंगलवार शाम सीआईडी और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने जेपीएससी कार्यालय में कई घंटे तक जांच की। इस दौरान आयोग से जुड़े दस्तावेज, कंप्यूटर रिकॉर्ड, ओएमआर से संबंधित अभिलेख और अन्य डिजिटल सामग्री की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान कार्यालय में आवाजाही भी सीमित कर दी गई। जांच टीम ने परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी टीडीपीएल के कार्यालय पर भी छापेमारी की। वहां से हार्ड डिस्क, पेन ड्राइव, डायरी समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए और एजेंसी के कार्यालय को सील कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *