पलामू । झारखंड के पलामू जिले में मंगलवार को आकाशीय बिजली की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। दिल दहला देने वाली यह घटना पांकी थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर गांव की है। पुलिस के मुताबिक, दोनों सब्जी बेचकर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में बिजली गिरने से उनकी जान चली गई। मृतकों की पहचान 55 साल के बालमुकुंद यादव और उनके 32 साल के बेटे दिलीप यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों अपने घर से करीब 200 मीटर दूर थे, तभी उन पर बिजली गिरी और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पांकी थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि शवों का पोस्टमॉर्टम बुधवार को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में कराया जाएगा।

