August 28, 2026

पलामू। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच तेज हो गई है। सोमवार को सीआईडी और पलामू पुलिस की संयुक्त टीम ने पलामू में दो आरोपितों के ठिकानों पर छापेमारी कर लैपटॉप, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। जेपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच के तहत सोमवार को सीआईडी और पलामू पुलिस की संयुक्त टीम ने मेदिनीनगर में दो आरोपितों संतोष कुमार सिंह और रविशंकर कुमार के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। सीआईडी की टीम ने संतोष कुमार सिंह के हमीदगंज स्थित बीएन कॉलेज के पास स्थित आवास और नौडीहा बाजार स्थित पैतृक घर की तलाशी ली। वहीं दूसरे आरोपित रविशंकर कुमार के बारालोटा स्थित आवास पर भी छापेमारी कर जांच से जुड़े साक्ष्य जुटाए गए। छापेमारी के दौरान जांच टीम ने लैपटॉप समेत कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। अब इनकी फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में सदर एसडीपीओ राजेश यादव, विश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीव कुमार, छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार तथा सीआईडी की स्थानीय टीम शामिल रही। पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि छापेमारी के दौरान कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अहम दस्तावेज मिले हैं, जिनकी जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीआईडी अब जब्त सामग्री के आधार पर कथित नेटवर्क और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई जेपीएससी गड़बड़ी मामले की जांच की महत्वपूर्ण कड़ी मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *