
रांची। राजधानी रांची में स्वाइन फ्लू का संक्रमण अब चिंता बढ़ाने लगा है। मंगलवार को H1N1 वायरस के तीन नए मरीज मिले हैं। इनमें दो बेहद छोटे बच्चे हैं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को रानी अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखा गया है। वहीं एक अन्य संक्रमित मरीज का इलाज रिम्स के सुपरस्पेशियलिटी आईसीयू में चल रहा है। लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क लगाने और फिलहाल हाथ मिलाने से बचने की अपील की गई है। मंगलवार को रिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में चार मरीजों के सैंपल जांच के लिए पहुंचे थे। जांच में तीन सैंपल पॉजिटिव मिले। संक्रमित बच्चों में एक की उम्र महज पांच महीने और दूसरे की करीब डेढ़ महीने है। दोनों को अस्पताल में भर्ती कर वेंटिलेटर सपोर्ट पर इलाज किया जा रहा है। रिम्स माइक्रोबायोलॉजी विभाग में अब तक 34 सैंपलों की जांच की जा चुकी है। इनमें 11 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। राज्य में अब तक 39 से अधिक स्वाइन फ्लू संक्रमित मरीज सामने आ चुके हैं। स्वाइन फ्लू इन्फ्लुएंजा वायरस से होने वाला श्वसन संक्रमण है, जो नाक, गले और फेफड़ों को प्रभावित कर सकता है। संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने और सांस से निकलने वाली बूंदों के संपर्क में आने से संक्रमण फैल सकता है। अधिकांश स्वस्थ लोगों में संक्रमण हल्का या मध्यम रहता है और कुछ दिनों में सुधार हो जाता है। लेकिन छोटे बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों में यह गंभीर रूप ले सकता है।अस्थमा, हृदय रोग और डायबिटीज जैसी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को भी विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। स्वाइन फ्लू के सामान्य लक्षणों में बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना या बंद होना, सिरदर्द, शरीर में दर्द और अत्यधिक थकान शामिल हैं।वहीं सांस फूलना, सीने में दर्द, लगातार तेज बुखार, अत्यधिक कमजोरी या होंठ-चेहरा नीला पड़ना गंभीर लक्षण माने जाते हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर तत्काल अस्पताल में जांच और इलाज कराने की सलाह दी गई है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।
https://chat.whatsapp.com/JFw1xz8Rrz33p6cdtYJXaT


