September 3, 2026

मेदिनीनगर : मेदिनीनगर-पांकी मुख्य मार्ग पर लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के राजोगाड़ी गांव में बीते रात सड़क के बड़े-बड़े गड्ढों के कारण एक कंटेनर ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में सड़क किनारे बांधे गए तीन मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मवेशी बाल-बाल बच गए। ट्रक की चपेट में आने से जलमीनार, चापाकल और एक झोपड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में चालक को हल्की चोट आई है।जानकारी के अनुसार, कंटेनर ट्रक (एचआर 38 एबी 3229) मेदिनीनगर से पांकी होते हुए चतरा की ओर जा रहा था। कुराईनपतरा के राजोगाड़ी गांव के पास सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कंटेनर पलट गया। इस दौरान सड़क किनारे बांधे गए पांच मवेशी उसकी चपेट में आ गए। इनमें तीन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मवेशियों को राजोगाड़ी निवासी विनय साव ने बांध रखा था।कंटेनर की चपेट में आने से जलमीनार, चापाकल और झोपड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गए। बताया जाता है कि हादसे के बाद ट्रक की दिशा शिव मंदिर की ओर हो गई थी, हालांकि मंदिर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। घटना में पीड़ित परिवार को काफी आर्थिक क्षति हुई है।हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर लेस्लीगंज थाना पुलिस और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) प्रशांत कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने तथा हादसे के लिए जिम्मेदार चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने गुरुवार को बताया कि चालक सुरक्षित है। हाइड्रा की मदद से कंटेनर को हटाया जाएगा। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *