August 29, 2026

50 हजार देने पर एक लाख का मिलता है जाली नोट

पलामू। जिले में नकली नोट खपाने वाला गिरोह सक्रिय है। पुलिस ने ऐसे ही गिरोह के पांच सदस्यों को पकड़ा है। सभी को रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क पर रेडमा ओवरब्रिज के नीचे चाय दुकान से हिरासत में लिया गया है। उनके पास से 29 हजार रुपए के नकली नोट बरामद होने की सूचना है। हिरासत में लिए गए लोगों में दो मोहम्मदगंज के, एक तरहसी के और दो मेदिनीनगर शहरी क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस सभी आरोपितों से कई स्तरों पर पूछताछ कर रही है। संभावना है कि जल्द इस मामले में खुलासा किया जाएगा।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नकली नोट खपाने वाला गिरोह शहर में दाखिल हुआ है। पुलिस ने सक्रियता बढ़ाते हुए छानबीन शुरू की। इसी क्रम में संदेह के आधार पर रेडमा ओवरब्रिज के नीचे चाय की दुकान में चाय पीते हुए कुछ लोगों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 29 हजार रुपए के नकली नोट बरामद हुए। सारे नोट 500- 500 रुपए के बरामद होने की जानकारी मिली है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान गिरोह के सदस्यों ने जानकारी दी है कि 50 हजार के एक नंबर के नोट देने पर 1 लाख तक के नकली नोट उन्हें मिलते थे। सारे नकली नोट असली नोट से करीब करीब मेल खाते थे। इस कारण जल्द पकड़ में भी नहीं आते हैं। पुलिस को मिली इनपुट के अनुसार इसके तार नेपाल और कोलकाता से जुड़े हुए हैं। पुलिस इस बिंदु पर भी छानबीन कर रही है। शहर में नकली नोट के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है। नकली नोट के खिलाफ इस कार्रवाई को पुलिस बड़ी सफलता बनाकर चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *