August 28, 2026

रांची। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने जमशेदपुर में करणी सेना नेता हिमांशु सिंह की हत्या और राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर झारखंड सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर की घटना केवल एक हत्या नहीं, बल्कि कानून के शासन पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों में कानून का कोई भय नहीं रह गया है। बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में आदित्य साहू ने घोषणा की कि जमशेदपुर की घटना के विरोध और राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ 2 जुलाई की शाम को जमशेदपुर में भाजपा एवं आम जनता के नेतृत्व में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इसके अलावा 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद का आह्वान किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन ने जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए तो भाजपा पूरे झारखंड बंद का भी आह्वान करेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जमशेदपुर की घटना ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों ने एक युवक पर जानलेवा हमला किया, उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और जब वह अपनी जान बचाने के लिए पुलिस वाहन में घुस गया, तब भी अपराधी उसे पुलिस के सामने वाहन से बाहर खींचकर ले गए और उसकी हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही, जो राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। साहू ने कहा कि पुलिस की मौजूदगी में पुलिस वाहन से किसी व्यक्ति को बाहर निकालकर उसकी हत्या कर देना इस बात का प्रमाण है कि अपराधियों के मन में कानून का कोई डर नहीं बचा है। उन्होंने इसे राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की बड़ी विफलता बताया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की कि घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद दोषी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ भी हत्या का मामला दर्ज किया जाए। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की हत्या से संबंधित धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई करते हुए सभी जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मियों को जेल भेजने की मांग की। साथ ही उन्होंने हत्या के सभी आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी तथा मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग भी उठाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *