हाथी को जंगल की ओर खदेड़ने में जुटी टीम
अनगड़ा : ओरमांझी प्रखंड क्षेत्र से भटककर आया एक जंगली हाथी शुक्रवार की देर शाम करीब सात बजे अनगड़ा प्रखंड के रामदागा गांव में प्रवेश कर गया। हाथी के गांव में पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण घरों में सुरक्षित रहने लगे।सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और हाथी को आबादी से दूर जंगल की ओर खदेड़ने का अभियान शुरू किया। जानकारी के अनुसार हाथी ओरमांझी प्रखंड के बारीडीह हतवाल गांव से होते हुए रामदागा पहुंचा। इसके बाद वह गांधी ग्राम मार्ग से आगे बढ़ते हुए ढांडस टोली जंगल में चला गया। बाद में हाथी की गतिविधि लेम्भा टोली और परासटोली क्षेत्र की ओर देखी गई, जहां वन विभाग के अधिकारी नितिन गुप्ता और कर्मी लगातार निगरानी करते हुए उसे सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर वापस भेजने का प्रयास कर रहे हैं। इधर, बारीडीह हतवाल गांव में हाथी के हमले में एक वृद्ध व्यक्ति घायल हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वहीं वन विभाग की टीम ने लोगों अपील किया है कि रात के समय खेतों और जंगल की ओर जाने से परहेज करें। समाचार लिखे जाने तक वन विभाग की टीम हाथी की लगातार निगरानी कर रही थी और पटाखों व अन्य सुरक्षित उपायों के माध्यम से उसे घने जंगल की ओर खदेड़ने में जुटी हुई थी। विभाग ने ग्रामीणों से यह भी अपील की है कि वे हाथी के पास जाने, उसे उकसाने अथवा सेल्फी लेने का प्रयास न करें तथा किसी भी सूचना पर तत्काल वन विभाग को अवगत कराएं।

