August 29, 2026

रांची । झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की तीन लाख 66 हजार 664 महिला लाभुकों के बैंक खातों में अप्रैल से जून 2026 तक की तीन महीने की सम्मान राशि एकमुश्त हस्तांतरित कर दी गई है. आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से प्रत्येक महिला के खाते में 7,500 रुपये भेजे गए हैं. इस मद में जिला प्रशासन ने कुल 274 करोड़ 99 लाख 80 हजार रुपये का भुगतान किया है. रांची जिला प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनकी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में सहयोग देना है. प्रशासन का कहना है कि डीबीटी के माध्यम से राशि सीधे बैंक खातों में भेजे जाने से भुगतान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और समयबद्ध बनी है. इससे लाभुकों को किसी मध्यस्थ के बिना योजना का लाभ मिल रहा है. जिला प्रशासन के अनुसार, जिले के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में बड़ी संख्या में महिलाओं को इस योजना का लाभ मिला है। सबसे अधिक 31 हजार 94 महिला लाभुक कांके प्रखंड में हैं. इसके बाद टाउन अर्बन क्षेत्र में 25 हजार छह, मांडर में 22 हजार 885, सिल्ली में 21 हजार 31, बेड़ो में 20 हजार 519, चान्हो में 19 हजार 299, रातू में 18 हजार 500 और तमाड़ में 18 हजार 411 महिलाओं के खातों में राशि भेजी गई है. इसी प्रकार बुढ़मू में 17 हजार 688, नगड़ी में 17 हजार 755, ओरमांझी में 17 हजार 824 और नामकुम में 17 हजार 566 महिलाओं को भी योजना का लाभ मिला है. इसके अलावा अनगड़ा, सोनाहातू, राहे, लापुंग, खलारी, बुंडू तथा जिले के अन्य शहरी क्षेत्रों की पात्र महिलाओं के खातों में भी सम्मान राशि हस्तांतरित की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *