पिपरवार प्रखंड के कारो गांव से बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में था जुटा
चतरा: चतरा पुलिस ने राहुल दुबे गिरोह के तीन सक्रिय अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, छह जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधी टंडवा और पिपरवार के कोयला साइडिंग एवं माइंस क्षेत्र में फायरिंग कर दहशत फैलाने और आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।

पुलिस को 13 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे के इशारे पर उसके गिरोह के सदस्य टंडवा-पिपरवार क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रभात रंजन बरवार टंडवा के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को धर दबोच लिया है।पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे राहुल दुबे के निर्देश पर रामगढ़ के बरकाकाना, हजारीबाग के केरेडारी, चतरा के आम्रपाली-पिपरवार तथा रांची के खलारी क्षेत्र में फायरिंग और आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने इनके कब्जे से एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, छह जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन तथा मोटरसाइकिल (JH08H-3055) जब्त की है।गिरफ्तार आरोपियों में संजय मूर्ति ग्राम लटकटू बस्ती, गोमिया, बोकारो, आलोक कुमार सिंह बोकारो स्टील सिटी, बोकारो तथा अजय करमाली ग्राम बुढ़ुद, थाना केरेडारी, हजारीबाग के रूप में हुई है।इस मामले में पिपरवार थाना कांड संख्या 30/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
