August 29, 2026

रांची। राजधानी के सबसे सुरक्षित और वीआईपी इलाकों में शुमार मोरहाबादी मैदान क्षेत्र में आज एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है. पार्क प्राइम होटल के समीप पुलिस की रूटीन चेकिंग के दौरान एक तेज रफ्तार महिंद्रा थार गाड़ी के चालक ने लालपुर थाना के ड्राइवर को कुचलने का प्रयास किया है. ड्राइवर का नाम राजेश यादव है. कुचलने के प्रयास में ड्राइवर राजेश यादव को गंभीर चोटें आई है. उनके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लालपुर थाने की पुलिस मोराबादी मैदान के समीप पार्क प्राइम होटल के पास वाहनों की रूटीन चेकिंग कर रही थी. पुलिस बल आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों को रोककर कागजात और सुरक्षा की जांच कर रहा था. इसी दौरान एक थार गाड़ी वहां से गुजरी. तैनात पुलिसकर्मियों ने थार को रुकने का इशारा किया. पुलिस का इशारा पाकर रुकने के बजाय थार चालक ने अचानक गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी. थार चालक ने लालपुर थाने के ड्राइवर राजेश यादव को सीधी टक्कर मार दी और उन्हें कुचलने का प्रयास किया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजेश यादव सड़क पर दूर जा गिरे और उनके सिर पर गहरी चोट आई. वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन में घायल ड्राइवर राजेश यादव को संभाला और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया. मामले की गंभीरता को देखते हुए लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि गाड़ी से कुचलकर जान से मारने का प्रयास किया गया है. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *