लातेहार: उपायुक्त संदीप कुमार के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल के नेतृत्व में हेरहंज थाना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा एवं बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान दुपहिया, चारपहिया एवं भारी वाहनों के दस्तावेज, हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, प्रदूषण प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक कागजातों की जांच की गई।जांच के दौरान कुल 134 वाहनों की जांच की गई, जिनमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 48 वाहनों के विरुद्ध कुल ₹1,57,500 का ई-चालान किया गया। वहीं नियमों के गंभीर उल्लंघन के कारण चार वाहनों को जब्त भी किया गया।जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल ने कहा कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें तथा यातायात नियमों का पालन करें।उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

