August 29, 2026

धनबाद : बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में हजारीबाग पुलिस के एक आरक्षी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना जोड़ापीपल के पास नेशनल हाईवे पर हुई।जानकारी के अनुसार, हजारीबाग जिले के चलकुशा थाना में तैनात आरक्षी राम लखन यादव एक पुलिस टीम के साथ धनबाद के मैथन थाना क्षेत्र में छापेमारी के लिए आए थे। टीम एक व्यक्ति को हिरासत में लेने के बाद वापस हजारीबाग लौट रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 3:30 बजे उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के आगे बैठे आरक्षी राम लखन यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में आरक्षी नरेश कुमार, आरक्षी ग्रीन पासवान, एक निजी चालक और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तत्काल सभी घायलों को धनबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद घटना स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *