लोहरदगा । भंडरा प्रखंड के बड़ागाई गांव में हुई दोहरी हत्या की हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। बड़ा गाई निवासी ओम प्रकाश के पुत्र अरुण कुमार राणा तथा भोला ठाकुर की पुत्री नेहा कुमारी की नृशंस हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना के बाद गांव में भय, दुख और गुस्से का वातावरण व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी दर्दनाक घटना ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद जय श्रीराम समिति के जिला संरक्षक एवं पदाधिकारी बड़ागाई गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा समाज पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी। समिति के जिला संरक्षक सुषमा सिंह ने कहा कि इस प्रकार की जघन्य घटना किसी भी सभ्य समाज के लिए अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून का भय समाप्त होने से अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं,जिसे रोकने के लिए प्रशासन को सख्त और प्रभावी कार्रवाई करनी होगी।

जिला संरक्षक लक्ष्मी भगत ने कहा कि निर्दोष युवक और युवती की बेरहमी से हत्या पूरे समाज के लिए पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को शीघ्र न्याय मिले और अपराधियों को कठोर से कठोर सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। जिला पदाधिकारी रामकुमार साहू ने कहा कि यह घटना प्रशासन के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने राज्य के माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस मामले को स्वयं संज्ञान में लेकर त्वरित एवं निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि अपराधियों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आम जनता का कानून और प्रशासन पर से विश्वास कमजोर होगा।
जय श्रीराम समिति ने प्रशासन से मांग की है कि हत्या में शामिल सभी अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी कर उनके विरुद्ध त्वरित न्यायिक प्रक्रिया के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित परिवारों को सुरक्षा,आर्थिक सहायता एवं न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति एवं संयम बनाए रखने की अपील करते हुए विश्वास दिलाया कि न्याय की लड़ाई पूरी मजबूती के साथ लड़ी जाएगी। इस अवसर पर जिला संरक्षक सुषमा सिंह,लक्ष्मी भगत,अजय सोनी,बजरंग करवा, रामकुमार साहू,भोला ठाकुर,ओम प्रकाश,विवेक कुमार सिंह,रमेश राणा,प्राण कुमार शाह,शुभम राणा, पंकज राणा,दीपक ठाकुर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं समिति के सदस्य उपस्थित थे।
